नवाचारों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे सम्मेलन का शुभारंभ

Share it

यह सम्मेलन हाल ही में रायपुर में संपन्न हुई DG–IG कॉन्फ्रेंस के फॉलोअप के रूप में आयोजित किया जाएगा। DG–IG कॉन्फ्रेंस में लिए गए फैसलों और रणनीतियों को राज्य स्तर पर प्रभावी रूप से लागू करने पर मंथन होगा। सम्मेलन में पुलिस महानिदेशक से लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक स्तर तक के अधिकारी शामिल होंगे। इसके अलावा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक, सभी जिलों के एसपी भी सम्मेलन में मौजूद रहेंगे। सम्मेलन का मकसद राजस्थान पुलिस की कार्यप्रणाली को और ज्यादा आधुनिक, तकनीक-सक्षम और जन-केंद्रित बनाना है। 8 जनवरी को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे। उद्घाटन सत्र में मुख्यमंत्री पुलिस व्यवस्था को सही करने, कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने और आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने को लेकर मार्गदर्शन देंगे। सम्मेलन के पहले दिन 8 जनवरी को राजस्थान पुलिस अकादमी में कुल 10 विषयों पर सत्र आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों में समकालीन पुलिसिंग की चुनौतियों, नवाचारों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से चर्चा होगी।

राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का सम्मेलन
– 8 और 9 जनवरी को RPA में होगा सम्मेलन
– वरिष्ठ पुलिस अधिकारी होंगे सम्मेलन में शामिल
– सभी रेंज IG और SP सम्मेलन में करेंगे शिरकत
– 8 जनवरी को सीएम भजनलाल शर्मा करेंगे सम्मेलन का शुभारंभ
– RPA में कुल 10 विषयगत सत्र किए जाएंगे आयोजित
– नवाचारों और भविष्य की रणनीति पर विस्तार से होगी चर्चा
– IPS विकास शर्मा और अमित बुढ़ानिया देंगे प्रजेंटेशन

कार्यक्रम में बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए साइबर क्राइम पर एक अहम सत्र रखा गया है । जिसमें IPS विकास शर्मा और अमित बुढ़ानिया प्रजेंटेशन देंगे। सत्र में साइबर अपराधों की रोकथाम, त्वरित कार्रवाई और तकनीकी दक्षता बढ़ाने पर खास फोकस रहेगा। इसके अलावा पुलिस स्टेशनों को सशक्त और प्रभावी बनाने को लेकर IPS बीजू जॉर्ज जोसफ और राशि डोगरा प्रजेंटेशन देंगी। जिसमें मूलभूत सुविधाओं, मानव संसाधन और कार्यप्रणाली में सुधार पर चर्चा होगी। पुलिसिंग के दीर्घकालिक रोडमैप को लेकर IPS वी.के. सिंह और प्रफुल्ल कुमार अपने विचार रखेंगे। काउंटर टेररिज्म पर आयोजित सत्र में IPS दिनेश एम.एन. और राहुल प्रकाश प्रजेंटेशन देंगे। जिसमें आंतरिक सुरक्षा और संभावित खतरों से निपटने की रणनीति पर चर्चा होगी। महिला सुरक्षा में प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल पर IPS लता मनोज, प्रीति चंद्रा और श्वेता धनकड़ प्रजेंटेशन देंगी। ‘जन आंदोलन का मुकाबला-एक पारिस्थितिकी तंत्र दृष्टिकोण की आवश्यकता’ विषय पर विशेष सत्र होगा। जिसमें IPS आनंद श्रीवास्तव और वी.के. सिंह अपने विचार साझा करेंगे। फोरेंसिक क्षमता के जरिए त्वरित और बेहतर जांच पर आयोजित सत्र में IPS डॉ. प्रशाखा माथुर और डॉ. रवि प्रजेंटेशन देंगे। आपदा प्रबंधन की चुनौतियों और भविष्य की योजना पर IPS रूपिंदर सिंह और जय यादव अपने विचार सभी के सामने रखेंगे।

राजस्थान पुलिसिंग देशभर में बनेगी मॉडल !
यह सम्मेलन राजस्थान पुलिस को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने और राज्य में कानून-व्यवस्था को और ज्यादा मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। ताकि राजस्थान की पुलिसिंग को देशभर में मॉडल बनाया जा सके।


Share it

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Index